नई दिल्ली, 14 फ़रवरी। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आज कहा कि दिल्ली में चुनाव परिणाम आने के एक सप्ताह के बाद भी भाजपा का दिल्ली के मुख्यमंत्री का चयन नहीं कर पाना, इनकी आपसी फूट को उजागर करता है।
उन्होंने एक बयान में कहा कि आठ तारीख के बाद जिस तरह भाजपा का हर तीसरा विधायक मुख्यमंत्री पद का दावा कर रहा है, उसमें कहीं न कहीं 1993 की भाजपा की दिल्ली सरकार का इतिहास दिखाई दे रहा है, जब एक ही कार्यकाल में तीन मुख्यमंत्री बदल गए थे।
देवेंद्र यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आआपा) दिल्ली नगर निगम में सत्तासीन होने के बावजूद स्थायी समिति का अध्यक्ष बनाने में नाकाम साबित रही है, यह प्रशासन की नहीं बल्कि आआपा की नाकामी है।
उन्होंने कहा कि जनता ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपना मत देकर जता दिया है कि दिल्ली में आआपा का वजूद खत्म हो रहा है। आआपा संयोजक अरविंद केजरीवाल अपना अस्तित्व बचाने के लिए पंजाब के विधायकों की बैठक ले रहे हैं।
देवेंद्र यादव ने कहा कि आआपा निगम की सत्ता संभाल कर अपना मूलभूत काम दिल्ली की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने में नाकाम साबित हुई है। भाजपा के 15 वर्षों के निगम शासन और आम आदमी पार्टी दो वर्ष से अधिक कार्यकाल में कुछ भी बदला नहीं है। 17 वर्षों में निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है और व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गई है।
