प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि भारत न केवल वैश्विक भविष्य के बारे में चर्चा के केंद्र में है, बल्कि वह इन चर्चाओं का नेतृत्व भी कर रहा है। दिल्ली में एक मीडिया हाउस द्वारा आयोजित शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर वह स्थान प्राप्त है जो पहले कभी नहीं मिला था। उन्होंने कहा कि भारत पर भरोसा पहले से कहीं अधिक मजबूत है, चाहे वह प्रमुख राष्ट्र हों या वैश्विक मंच।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत 2014 से ही तेजी से विकास की राह पर है। उन्होंने बताया कि महज एक दशक में भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन गया है। श्री मोदी ने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत पहली तीन औद्योगिक क्रांतियों से चूक गया, लेकिन चौथी में दुनिया के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार है।
उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि उनकी सरकार ने व्यापार के डर को व्यापार करने में आसानी में बदल दिया है। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार निजी क्षेत्र को विकसित भारत बनने की दिशा में भारत की यात्रा में एक प्रमुख भागीदार के रूप में देखती है।
