प्रयागराज में महाकुंभ 2025 कल रात महाशिवरात्रि पर अंतिम पवित्र स्नान के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 45 दिनों तक चलने वाले इस आध्यात्मिक महापर्व में अब तक 66 करोड़ 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है। महाकुंभ में कई प्रमुख हस्तियां भी शामिल हुईं। इनमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, विदेशी प्रतिनिधि, विभिन्न राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री तथा कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं, जिन्होंने संगम में पवित्र डुबकी लगाई। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कल 1 करोड़ 53 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अंतिम पवित्र डुबकी लगाई।
महाकुंभ मेला क्षेत्र में भारतीय वायुसेना द्वारा एयर शो तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घाटों पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा ने श्रद्धालुओं को एक यादगार अनुभव दिया। एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र से स्थिति पर नजर रखने वाले अधिकारियों द्वारा यातायात व्यवस्था का भी सख्ती से पालन किया गया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस अवसर पर श्रद्धालुओं, संतों और कल्पवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाकर पूरी दुनिया को राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रवाद के प्रति समर्पण का संदेश दिया है।
