अब पालतू जानवरों के खोने का डर नहीं! लाइव कॉल और ट्रैकिंग के साथ आया नया वीयरेबल डिवाइस
मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (MWC) 2025 में पालतू जानवरों के लिए एक नया वीयरेबल डिवाइस पेश किया गया है, जो लाइव कॉल और रियल टाइम ट्रैकिंग जैसे बेहतरीन फीचर्स से लैस है। पालतू प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा डर अपने पालतू जानवर के खो जाने का होता है। इस समस्या से निजात पाने के लिए अब एक खास डिवाइस आ चुका है, जो न केवल पालतू जानवर की ट्रैकिंग करेगा, बल्कि इसमें लाइव कॉल फीचर भी दिया गया है। इसके जरिए पालतू जानवरों के खो जाने का खतरा कम हो जाएगा। इस डिवाइस को uCloudlink नामक कंपनी ने MWC 2025 में लॉन्च किया है।
कैसे काम करेगा यह डिवाइस?
uCloudlink ने पालतू जानवरों के लिए एक अनोखा वीयरेबल डिवाइस तैयार किया है, जिसे कंपनी ने दुनिया का पहला ‘पेटफोन’ बताया है। यह डिवाइस मोबाइल नेटवर्क और GPS का उपयोग कर पालतू जानवर की रियल-टाइम लोकेशन को ट्रैक कर सकता है। इसके जरिए पालतू जानवरों को ट्रैक करना बेहद आसान हो जाएगा। साथ ही इसमें AI-बेस्ड कॉलिंग फीचर भी है, जो पालतू जानवरों की एक्टिविटी पर नजर रखता है और उनके मालिक से कम्युनिकेट करने में मदद करता है। इस डिवाइस के जरिए पालतू जानवरों के मालिकों को एक ग्लोबल कम्युनिटी का हिस्सा बनने का अवसर मिलता है। इसके साथ ही पालतू जानवरों की सेहत पर नजर रखने के लिए AI हेल्थ मॉनिटरिंग फीचर भी उपलब्ध है।
MWC में पेश हुआ फोल्डेबल ब्रीफकेस लैपटॉप
MWC 2025 में कई शानदार और नये प्रोडक्ट्स देखने को मिल रहे हैं। इन में से एक आकर्षक प्रोडक्ट है Samsung का फोल्डेबल लैपटॉप, जो फोल्ड होकर ब्रीफकेस में बदल जाता है। इसे आसानी से ब्रीफकेस की तरह कैरी किया जा सकता है। इस लैपटॉप में 18.1 इंच का QD-OLED डिस्प्ले है, जो 2,000 x 2,664 पिक्सल रेज़ोल्यूशन और 184 PPI पिक्सल डेन्सिटी को सपोर्ट करता है। इसका डिज़ाइन काफी आकर्षक है और इसमें दो हैंडल लगे हैं, जो फोल्ड होने पर ब्रीफकेस के हैंडल की तरह काम करते हैं।
