प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोविड-19 महामारी के दौरान उनके रणनीतिक नेतृत्व और बहुमूल्य सहायता के लिए प्रतिष्ठित ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बारबाडोस के ब्रिजटाउन में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री मोदी की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। श्री पबित्रा मार्गेरिटा ने इस मान्यता के लिए आभार व्यक्त किया और प्रधानमंत्री मोदी की ओर से प्रतिष्ठित पुरस्कार स्वीकार करना एक गहरा सम्मान कहा। पुरस्कार की घोषणा बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटले ने पिछले साल 20 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक बैठक के दौरान की थी, जो जॉर्जटाउन, गुयाना में दूसरे भारत-कैरिकॉम नेताओं के शिखर सम्मेलन के मौके पर आयोजित की गई थी। प्रधानमंत्री मोटले ने कोविड-19 महामारी की अभूतपूर्व स्थिति के दौरान अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और समर्थन को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया।
