पूर्व केंद्रीय बैंकर मार्क कार्नी कनाडा के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे, क्योंकि सत्तारूढ़ लिबरल पार्टी ने उन्हें अपना नेता चुना है। आने वाले दिनों में उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। वे प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की जगह लेंगे, जिन्होंने जनवरी में अपने पद से इस्तीफ़ा देने की घोषणा की थी।
हमारे संवाददाता ने बताया कि 59 वर्षीय मार्क कार्नी ने 2013 में बैंक ऑफ इंग्लैंड का नेतृत्व करने वाले पहले गैर-नागरिक के रूप में इतिहास रचने से पहले बैंक ऑफ कनाडा के गवर्नर के रूप में कार्य किया था। उनका नेतृत्व ऐसे महत्वपूर्ण समय पर हुआ है, जब कनाडा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के व्यापार युद्ध और विलय की धमकियों से जूझ रहा है, और संघीय चुनाव आसन्न हैं। अपने स्वीकृति भाषण में, कार्नी ने कहा कि कनाडा को ऐसे देश द्वारा लाए गए काले दिनों का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर वे अब भरोसा नहीं कर सकते। उन्होंने अमेरिकी वस्तुओं पर तब तक प्रतिशोधात्मक टैरिफ बनाए रखने का भी वचन दिया, जब तक अमेरिकी सम्मान नहीं दिखाते।
