नई दिल्ली, 17 मार्च । ग्लोबल मार्केट से आज मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। पिछले सत्र में अमेरिकी बाजार में लगातार खरीदारी हुई, जिसके चलते वॉल स्ट्रीट के सूचकांकों में जोरदार उछाल देखने को मिला। हालांकि, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र में तेजी का रुख बना रहा। एशियाई बाजारों में भी आज मजबूती का माहौल बना हुआ है।
अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र में लगातार खरीदी का दौर रहा, जिसके कारण डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 674.62 अंक यानी 1.65 प्रतिशत बढ़कर 41,488.19 अंक पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स ने 117.42 अंक यानी 2.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,638.94 अंक पर कारोबार खत्म किया। वहीं, नैस्डेक 451.07 अंक यानी 2.61 प्रतिशत बढ़कर 17,754.09 अंक पर बंद हुआ। हालांकि, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज 184.06 अंक यानी 0.44 प्रतिशत गिरकर 41,304.13 अंक पर कारोबार कर रहा है।
यूरोपीय बाजारों में भी पिछले सत्र में तेजी का रुख देखा गया। एफटीएसई इंडेक्स 1.04 प्रतिशत बढ़कर 8,632.33 अंक पर बंद हुआ। सीएसी इंडेक्स 1.12 प्रतिशत उछलकर 8,028.28 अंक पर पहुंचा, जबकि डीएएक्स इंडेक्स 1.83 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,986.82 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में भी आज तेजी का रुख देखने को मिल रहा है। एशिया के 9 बाजारों में से 7 बाजारों के सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि 2 बाजारों में गिरावट देखने को मिल रही है। सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.60 प्रतिशत गिरकर 1,166.73 अंक पर कारोबार कर रहा है, जबकि जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.77 प्रतिशत लुढ़क कर 6,465.75 अंक पर पहुंच गया है।
वहीं, गिफ्ट निफ्टी 203.50 अंक यानी 0.91 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,622 अंक पर कारोबार कर रहा है। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.80 प्रतिशत उछलकर 3,866.83 अंक पर पहुंचा। कोस्पी इंडेक्स में भी शानदार तेजी रही और यह 1.64 प्रतिशत बढ़कर 2,608.52 अंक तक पहुंच गया। निक्केई इंडेक्स 485.59 अंक यानी 1.31 प्रतिशत बढ़कर 37,538.69 अंक पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा, हैंग सेंग इंडेक्स 1.23 प्रतिशत बढ़कर 24,254.39 अंक पर, ताइवान वेटेड इंडेक्स 1.14 प्रतिशत उछलकर 22,219.06 अंक पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,429.30 अंक पर कारोबार कर रहा है।
