वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के सचिव श्री एम. नागराजू ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र 2047 तक विकसित भारत के मिशन को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सोमवार को मुंबई में भारतीय बैंक संघ की 77वीं वार्षिक आम बैठक में भाग लेने आए 200 से अधिक सदस्यों और अतिथियों को संबोधित करते हुए श्री नागराजू ने कहा कि आर्थिक विकास, तकनीकी उन्नयन, बुनियादी ढांचे का विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और स्थिरता इस मिशन के प्रमुख कारक हैं। बैंकिंग क्षेत्र से संबंधित मुद्दों के प्रति सक्रिय और उत्तरदायी होने के लिए भारतीय बैंक संघ की सराहना करते हुए सचिव ने कहा कि बैंकों के साथ नियमित समीक्षा बैठकों ने अर्थव्यवस्था की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए बैंकों की स्थिति को बेहतर बनाने में मदद की है।
