जगदलपुर, 20 मार्च । विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस पर आज गुरुवार सुबह महारानी अस्पताल से जागरुकता रैली निकाली गई। रैली को महापौर संजय पाण्डे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए रैली वापस जिला चिकित्सालय पहुंची। इस दाैरान संजय पाण्डे ने कहा कि नियमित दांतों की सफाई करनी चाहिए, रात को सोने से पहले ब्रश करना न भूलें। हर दो माह में अपना टूथब्रश बदलना चाहिए। समय समय पर अपने दांतों की नियमित जांच व सफाई के लिए सजग रहना चाहिए। उन्होंने रैली के द्वारा घर-घर तक जागरुकता पहुंचाने के लिए पुरी टीम को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम जागरुकता का जो संदेश दे रहे हैं, उसमें सभी सफल हों। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद व अन्य स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
