भारत के सामाजिक सुरक्षा कवरेज में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के अनुसार, भारत का सामाजिक सुरक्षा कवरेज 2021 में 24.4 प्रतिशत से दोगुना होकर 2024 में 48.8 प्रतिशत हो गया है।
आईएलओ विश्व सामाजिक सुरक्षा रिपोर्ट 2024-26 का हवाला देते हुए केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने कार्यबल में सामाजिक सुरक्षा लाभों के विस्तार में हुई प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत के युवाओं को कौशल प्रदान करने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनकी प्रतिभा वैश्विक प्रभाव डाले।
डॉ. मंडाविया ‘लोगों में निवेश’ विषय पर बजट के बाद आयोजित वेबिनार में बोल रहे थे। रोजगार संबंधी पहलों पर प्रकाश डालते हुए श्री मंडाविया ने बताया कि 2014 से 2024 के बीच 17.1 करोड़ नौकरियां सृजित की गईं, जिनमें से 4.6 करोड़ नौकरियां अकेले पिछले वर्ष सृजित की गईं।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी दर 2017-18 में 6 प्रतिशत से घटकर 2023-24 में 3.2 प्रतिशत हो गई है, जबकि महिला कार्यबल की भागीदारी 22 प्रतिशत से बढ़कर 40.3 प्रतिशत हो गई है। श्री मंडाविया ने इन उपलब्धियों का श्रेय आर्थिक विकास और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार की प्रगतिशील नीतियों को दिया।
