केंद्र ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना के तहत सामग्री लागत में 9.50 प्रतिशत की वृद्धि की है। यह योजना केंद्र द्वारा प्रायोजित है, जिसके तहत सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में बालवाटिका और कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले ग्यारह करोड़ से अधिक छात्रों को गर्म पका हुआ भोजन परोसा जाता है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने कहा है कि नई दरें अगले महीने की पहली तारीख से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू होंगी। इस वृद्धि के कारण केंद्र सरकार 2025-26 में 954 करोड़ रुपये की अतिरिक्त लागत वहन करेगी।
सामग्री लागत के अलावा, केंद्र सरकार भारतीय खाद्य निगम के माध्यम से लगभग 26 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न उपलब्ध कराती है। सरकार खाद्यान्न की 100 प्रतिशत लागत वहन करती है, जिसमें प्रति वर्ष लगभग नौ हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी और एफसीआई डिपो से स्कूलों तक खाद्यान्न की 100 प्रतिशत परिवहन लागत शामिल है।
