नई दिल्ली। दक्षिण पूर्वी दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में चार मंजिला एक इमारत में बुधवार देर रात आग लगने से यहां रह रहे लोगों के घरेलू सामान के साथ-साथ पार्किंग में खड़ी चार कारें जल गईं। दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
दमकल विभाग के मुताबिक बुधवार देर रात 2.14 बजे शाहीन बाग इलाके में एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर दमकल की ओर से एक-एक करके कुल आठ गाड़ियां नाना रोड के पास मौजूद एफसी-सात, शाहीन बाग स्थित इमारत के पास भेजी गईं। आग चार मंजिला इमारत में लगी थी। दमकलकर्मियों ने तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू किया और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तड़के करीब चार बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। इसके बाद कूलिंग और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान इमारत की पार्किंग में जली हुई चार कारें बरामद हुईं। इसके अलावा कुछ घरेलू सामान भी बुरी तरह से जले मिले। हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली।
