नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में इमारत ढहने और लोगों की मौत पर गहरा दुख और चिंता प्रकट की है। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन का इस तरह अंत होना दुखद है।
सचदेवा ने शनिवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि मुस्लिम बहुल इलाकों में ऐसी अनेक इमारतें खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम ऐसी पांचवी-छठी मंजिल खाली करवा कर सील करने एवं तोड़ने का आदेश दे। उन्होंने कहा कि आज मुस्तफाबाद विधानसभा के दयालपुर में जो हादसा हुआ, ऐसे ना जाने कितने हादसे दिल्ली के मुस्तफाबाद, करावल नगर, सीलमपुर, ओखला, मटिया महल, बल्लीमारान और सदर बाजार आदि विधानसभा क्षेत्रों में न्योता दे रहे हैं।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि 10 साल में इन मुस्लिम बहुल विधानसभाओं से जो आम आदमी पार्टी के विधायक एवं पार्षद चुने गए, उन्होंने अपने वोट बैंक एवं आय दोनों को बढ़ाने के लिए अपने राजनीतिक सहयोगियों को आगे कर चौथी, पांचवी एवं छठी मंजिल बनवाकर उसमें छोटे-छोटे किरायेदारों को बसाया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली नगर निगम आयुक्त को तुरंत मुस्तफाबाद, करावल नगर, सीलमपुर, ओखला, मटिया महल, बल्लीमारन, सदर बाजार जैसे क्षेत्रों में चौथी मंजिल से ऊपर की मंजिलों के मकानों और खस्ताहाल तथा खतरनाक मकानों का सर्वे करवा कर उन पर कार्रवाई के आदेश देने चाहिए।
