पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर आज श्रीनगर से दिल्ली और मुंबई के लिए चार विशेष उड़ानों की व्यवस्था की गई है। जरूरत के मुताबिक पर्यटकों को निकालने के लिए अतिरिक्त उड़ानों को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने इस मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह से बात की है और वे चौबीसों घंटे स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी एयरलाइन ऑपरेटरों के साथ एक जरूरी बैठक भी की और सर्ज प्राइसिंग के खिलाफ सख्त सलाह जारी की। एयरलाइनों को नियमित किराया स्तर बनाए रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस संवेदनशील समय के दौरान किसी भी यात्री पर बोझ न पड़े। उन्होंने सभी एयरलाइनों को मृतक व्यक्तियों को उनके संबंधित गृह राज्यों तक पहुंचाने के लिए पूरा सहयोग देने का निर्देश दिया।
इस बीच, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय DGCA ने एयरलाइनों से श्रीनगर से मार्गों पर उड़ानें बढ़ाने के लिए त्वरित कार्रवाई करने को कहा है, क्योंकि फंसे हुए पर्यटकों की घर वापसी की मांग में वृद्धि हुई है। एक सलाह में, विमानन नियामक ने फंसे हुए यात्रियों को निकालने की सुविधा के लिए देश भर में श्रीनगर से निर्बाध संपर्क का आह्वान किया। इसने एयरलाइनों से रद्दीकरण और पुनर्निर्धारण शुल्क माफ करने और प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान करने को भी कहा है।
