लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देश के युवाओं से एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व में सक्रिय रूप से शामिल होने और देश की विकास गाथा में योगदान देने का आह्वान किया।
श्री बिरला जालंधर के निकट लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव और अध्ययन अनुदान पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का विचार एक ऐसा दृष्टिकोण प्रदान करता है जिसमें आर्थिक विकास, सामाजिक समानता, वैश्विक नेतृत्व और स्थिरता शामिल है। श्री बिरला ने उल्लेख किया कि आज भारत को विश्व स्तर पर अपनी जीवंत युवा आबादी के लिए पहचाना जा रहा है, जो सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है।
इस अवसर पर सांसद अशोक मित्ता भी उपस्थित थे।
