नई दिल्ली। ओखला लैंड फिल साइट पर ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में दोनों पैर गंवाने वाले सफाई कर्मी शीशपाल को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की तरफ से 26 लाख 33 हजार 500 रुपये की आर्थिक मदद दी गई है।
सेंट्रल जोन के उपायुक्त कार्यालय में बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली के मेयर महेश कुमार खिंची ने शीशपाल को यह आर्थिक मदद दी। मेयर ने बताया कि एमसीडी के कर्मचारियों ने अपनी सैलरी से 22.33 लाख और सेंट्रल जोन ने 3 लाख रुपए दिए हैं, जबकि मेयर फंड से एक लाख रुपए दिए गए हैं। साथ ही शीशपाल के बेटे को उनकी जगह सफाई कर्मचारी की नौकरी दी जाएगी। अगले 10 दिन में उनको नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा।
मेयर महेश कुमार खिंची ने बताया कि तीन फरवरी 2025 को लाजपत नगर जोन स्थित ओखला लैंड फिल साइट पर काम करने के दौरान सफाई कर्मचारी शीशपाल के पैरों पर जेसीबी का पहिया चढ़ गया। इस हादसे उन्हें अपने दोनों पैरों को खोना पड़ा। इस बात से पूरा एमसीडी दुखी हुआ।
इस संबंध में मेयर ने कर्मचारियों के साथ बैठक की और उसमें शीशपाल को आर्थिक मदद पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद सभी अधिकारियों के साथ भी बैठक की। शीशपाल को अधिक से अधिक आर्थिक मदद देने का निर्णय लिया।
मेयर ने कहा कि एमसीडी के सभी कर्मचारियों ने एकत्र करके 22 लाख 33 हजार 500 रुपए शीशपाल को दिए हैं। यह पैसा पूरी एमसीडी के सभी कर्मचारियों की सैलरी से एकत्र करके दिया गया है। कर्मचारियों ने अपनी कैटेगरी के अनुसार आर्थिक मदद की है। यह पैसा शीशपाल के बैंक खाते में आरटीजीएस करा दिया है। साथ ही सेंट्रल जोन के कर्मचारियों ने तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद की है। इसके अलावा मेयर फंड से एक लाख रुपए का चेक दिया गया है। शीशपाल ने अपने बेटे को अपनी जगह नौकरी देने की मांग की। हमने उनके बेटे को नौकरी देने का निर्णय लिया है। अगले दस दिनों के अंदर उनके बेटे को नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा।
