मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में रविवार को दिल्ली सचिवालय में दिल्ली भाजपा के सभी विधायकों की बैठक हुई। यह बैठक नियमित जनप्रतिनिधि संवाद श्रृंखला का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य शासन और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद को सशक्त बनाना है।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट करके बताया कि बैठक में 20 दिवसीय मिशन स्वच्छता अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए विधायकों से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही आयुष्मान भारत वय वंदना योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान मानसून सत्र के दृष्टिगत जलभराव, ड्रेनेज व्यवस्था जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं को सामने रखा तथा उनके समुचित और शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई। विधायकों को आश्वस्त किया गया कि जनहित से जुड़ी सभी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। सभी विभाग समन्वित प्रयासों के माध्यम से समाधान सुनिश्चित करें।
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि विधायकों की बैठक आने वाले विधानसभा सत्र की तैयारी को लेकर थी और सभी विधायकों ने आपस में अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में बताया। बैठक में दिल्ली सरकार की उपलब्धियों और चल रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि 125 साल में दिल्ली में मई में इतनी बारिश कभी नहीं हुई और हमारी सरकार ने एक घंटे के अंदर जलभराव की समस्या हल कर दिया। दिल्ली सरकार की मानसून को लेकर ठीक दिशा तेजी से तैयारियां चल रही है।
मालवीय नगर से भाजपा विधायक सतीश उपाध्यक्ष ने कहा कि बैठक में विकसित दिल्ली बनाने के लिए जो योजनाएं चल रही हैं- जैसे ड्रेंस की डिसिल्टिंग,आरोग्य मंदिर, वय वंदन योजना आदि की समीक्षा की गई। बैठक में अगले 20 दिन तक चलने वाले स्वच्छता अभियान की शुरुआत भी की गई।
