भारतीय सशस्त्र बलों ने मध्य रात्रि के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और निर्देशित किया गया।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, कुल मिलाकर नौ स्थलों को निशाना बनाया गया। मंत्रालय ने आगे कहा कि उसकी कार्रवाई केंद्रित, मापी गई और गैर-उग्र प्रकृति की रही है। मंत्रालय ने बताया कि किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया है। इसने कहा, भारत ने लक्ष्यों के चयन और निष्पादन के तरीके में काफी संयम दिखाया है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ये कदम पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले के मद्देनजर उठाए गए हैं जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक मारे गए थे। मंत्रालय ने कहा कि सशस्त्र बल इस प्रतिबद्धता पर खरे उतर रहे हैं कि इस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। आज बाद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरी रात ऑपरेशन सिंदूर पर लगातार नजर रखते रहे।
