दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि वे पाकिस्तान द्वारा पुंछ में गुरुद्वारा सिंह साहिब पर किए गए मिसाइल हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हैं। सिरसा ने एक्स पर गुरुवार को एक वीडियो जारी करते हुए बताया कि उनकी पुंछ में गुरुद्वारा साहिब के जिला अध्यक्ष भाई नरिंदर सिंह से बात हुई। नरिंदर सिंह ने उन्हें बताया कि इस हमले में गुरुद्वारा साहिब के अंदर के परिसर और गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि पाकिस्तान जानबूझकर लोगों की आस्था पर हमला कर रहा है। यह इस बात की याद दिलाता है कि पाकिस्तान का नेतृत्व और रक्षा बल कितने मानवता विरोधी हैं।
उन्होंने बताया कि पुंछ के सिख पूरे जोश में हैं और सीमा पार हिंसा और आतंकवाद को हराने के लिए एकजुट हैं। मुझे यकीन है कि भारत मासूमों पर हुए इस हमले का बदला लेगा और पाकिस्तान को सबक सिखाएगा।
उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान सीमा पर लगातार गोलीबारी कर रहा है। जम्मू में एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि 7 और 8 की मध्यरात्रि को पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा, बारामुला, उरी और अखनूर सेक्टरों के सामने के इलाकों में नियंत्रण रेखा के पार से छोटे हथियारों और तोपों का उपयोग करके बिना उकसावे के गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी उसी के अनुरूप जवाब दिया। इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि जम्मू में सबसे ज्यादा प्रभावित पुंछ सेक्टर में बुधवार को भारी गोलाबारी में 13 लोगों की मौत हो गई थी लेकिन रात में स्थिति सामान्य रही।
