यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने तुर्की में अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत करने की इच्छा जताई है, ताकि दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष को समाप्त किया जा सके। आज सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि वे युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत करने के लिए तैयार हैं।
यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा यूक्रेन से रूसी राष्ट्रपति पुतिन द्वारा प्रस्तावित वार्ता पर तुरंत सहमत होने का आह्वान करने के बाद आया है, जो गुरुवार को तुर्की में हो सकती है।
कल, क्रेमलिन में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए, रूसी राष्ट्रपति ने कीव अधिकारियों को बिना किसी पूर्व शर्त के सीधी बातचीत फिर से शुरू करने का प्रस्ताव दिया, जिसे यूक्रेन ने 2022 में बाधित कर दिया था। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि कीव अधिकारियों के साथ सीधी बातचीत करने का राष्ट्रपति पुतिन का प्रस्ताव यूक्रेनी संकट का शांतिपूर्ण समाधान खोजने के वास्तविक इरादे की पुष्टि करता है।
