अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आज शाम राजधानी दोहा में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के साथ वार्ता की। राष्ट्रपति ट्रम्प सऊदी अरब की अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद पश्चिम एशिया के तीन देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में आज दोहा पहुंचे। यह 20 से अधिक वर्षों में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की पहली
कतर यात्रा है। इससे पहले दिन में, राष्ट्रपति ट्रम्प ने सऊदी की राजधानी रियाद में संयुक्त राज्य अमेरिका और खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के सदस्यों के शिखर सम्मेलन में भाग लिया। शिखर सम्मेलन में, श्री ट्रम्प ने क्षेत्र के साथ अमेरिका की रणनीतिक प्रतिबद्धता और साझेदारी की पुष्टि की। शिखर सम्मेलन के मौके पर, अमेरिकी राष्ट्रपति ने सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति और पूर्व इस्लामवादी विद्रोही नेता अहमद अल-शरा से भी मुलाकात की। यह बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा सीरिया पर प्रतिबंध हटाने की घोषणा के एक दिन बाद हुई। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान बैठक में मौजूद थे जबकि तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोआन दूर से इसमें शामिल हुए।
राष्ट्रपति ट्रंप कल सऊदी अरब पहुंचे। अपनी यात्रा के पहले दिन, दोनों देशों ने संयुक्त राज्य अमेरिका में 600 बिलियन डॉलर का निवेश करने की सऊदी अरब की प्रतिबद्धता के हिस्से के रूप में 142 बिलियन डॉलर के रक्षा बिक्री समझौते पर हस्ताक्षर किए।
कतर से, अमेरिकी राष्ट्रपति कल संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा करेंगे।
