नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार को शकूरबस्ती विधानसभा के सर्वोदय सह शिक्षा विद्यालय सी ब्लॉक सरस्वती विहार और राजकीय उच्चतर सह शिक्षा विद्यालय रानीबाग का निरीक्षण किया। मंत्री ने दोनों स्कूलों के बच्चों के साथ संवाद और प्रश्नोत्तर किए। इस अवसर पर मंत्री के साथ स्थानीय विधायक करनैल सिंह, शिक्षा निदेशक, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
स्कूलों के निरीक्षण के बाद मंत्री ने बताया कि विधायकों की शिकायत पर दिल्ली के स्कूलों का समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में जो खामियां पाई जाती हैं, उनको समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाते हैं।
मंत्री ने बताया कि शकूरबस्ती विधानसभा के इन दोनों स्कूलों के निरीक्षण के समय यहां के स्वीमिंगपूल जर्जर हालत मिले। यह 2018 में 25 करोड़ की लागत से प्रति स्वीमिंग पूल बनाई गए, लेकिन आज 7 साल के बाद भी यह स्वीमिंग पूल प्रयोग में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि न तो इन स्वीमिंग पूलों में पानी की समुचित व्यवस्था है और न ही इनके निर्माण में अच्छी सामग्री लगाई गई है। रानी बाग के स्वीमिंगपूल के नीचे का फर्श उखड़ रहा है साथ ही आस-पास लगाई गई टाइल्स भी निकल रही हैं। उन्होंने मौके पर ही शिक्षा निदेशक को निर्देश दिए कि वह इन दोनों स्वीमिंगपूलों की जांच करें और पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों के खिलाफ विजीलेंस और विभागीय जांच के आदेश भी दें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने इस वर्ष शिक्षा के बजट में 19 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोत्तरी कर 19,291 करोड़ का बजट पास किया है। इस पैसे का समुचित उपयोग कर दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने शिक्षा निदेशक को दोनों स्कूलों के मल्टीपर्जपज हॉल में एसी लगाने के निर्देश भी दिए ताकि बच्चे गर्मी में राहत की साँस ले सकें। उन्होंने दोनों स्कूलों में साफ-सफाई, साफ पानी, बिजली और बालिकाओं की सुरक्षा आदि की समुचित व्यवस्था के लिए भी आदेश दिए। रानी बाग के स्कूल की इमारत लगभग 40 साल पुरानी है। मंत्री ने शिक्षा विभाग को इस इमारत की जगह नई इमारत बनाने का भी प्रस्ताव बनाने के लिए कहा।
दोनों स्कूलों में बच्चों के साथ संवाद करते हुए मंत्री ने बच्चों से उनकी शिक्षा और स्कूल में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। कई बच्चों ने मंत्री को बताया कि वह दिल्ली सरकार द्वारा दी जा रही शिक्षा से संतुष्ट हैं। कुछ बच्चों ने मंत्री को अपने भविष्य के बारे में बताया कि वह डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहते हैं। मंत्री ने बच्चों को सफलता के लिए मेहनत का मूलमंत्र दिया। उन्होंने कहा कि यदि जीवन में सफल होना चाहते हैं तो मेहनत ही एकमात्र विकल्प है।
