नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आआपा) के नेताओं ने गुरुवार को दिल्ली सरकार पर सौ दिनों में अपने वादों को पूरा नहीं करने और पिछली सरकार की जनहितकारी योजनाओं को बंद करने का आरोप लगाया।
आआपा नेताओं ने पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिजली, पानी, प्रदूषण और भाजपा के चुनावी वादों को लेकर दिल्ली सरकार को घेरने की कोशिश की। संवाददाता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, दिल्ली आआपा संयोजक सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और कुलदीप कुमार मौजूद रहे।
आआपा नेताओं ने दिल्ली सरकार पर दिल्ली की बिजली आपूर्ति चौपट करने और बिजली महंगी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने महिलाओं को 8 मार्च तक 2500 रुपये देने और होली पर मुफ्त सिलेंडर देने का वादा पूरा नहीं किया।
इसके अलावा पानी की आपूर्ति में कमी, घरों में सीवर का गंदा पानी आने, प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी को लेकर दिल्ली सरकार को घेरा।
आआपा नेताओं ने पिछली सरकार की जनहितकारी योजनाओं को बंद करने का भी आरोप लगाया। इनमें फरिश्ते स्कीम, मोहल्ला क्लीनिक बंद करने, 25,000 विधवा महिलाओं की विधवा पेंशन बंद करने और बस मार्शल व मोहल्ला क्लीनिक कर्मियों को बेरोजगार करने का आरोप शामिल है।
