ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत के निरंतर प्रयासों के हिस्से के रूप में और आतंकवाद के खिलाफ भारत के सैद्धांतिक और दृढ़ रुख के अनुरूप, संसद सदस्यों वाले सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल अपने आउटरीच कार्यक्रम के साथ विभिन्न देशों में हैं। प्रतिनिधिमंडल सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता का भारत का कड़ा संदेश दे रहे हैं।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने ब्राजील के चैंबर ऑफ डेप्युटीज के विदेश मामलों और राष्ट्रीय रक्षा समिति के अध्यक्ष, संघीय डिप्टी फिलिप बैरोस से मुलाकात की। इससे पहले, प्रतिनिधिमंडल ने इटामारती पैलेस में ब्राजील के विदेश मामलों की महासचिव, राजदूत मारिया लौरा दा रोचा से भी मुलाकात की। उन्होंने ब्राजील के सीनेटर नेल्सिन्हो ट्रैड की अध्यक्षता वाले भारत-ब्राजील मैत्री मोर्चे से भी मुलाकात की।
अब प्रतिनिधिमंडल अपनी यात्रा के अंतिम चरण के लिए अमेरिका जाएगा। मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि वाशिंगटन में उनकी कई सरकारी अधिकारियों, विधायकों, सीनेटरों, कांग्रेसियों, प्रभावशाली थिंक टैंकों, मीडिया और सदन तथा सीनेट की विभिन्न समितियों के साथ बैठकें होंगी और कुछ सार्वजनिक संबोधन भी होंगे।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल के वाशिंगटन दौरे के दिन ही पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के वाशिंगटन दौरे के बारे में श्री थरूर ने कहा कि इस मामले में रुचि बढ़ेगी, क्योंकि एक ही शहर में दो प्रतिनिधिमंडल आमने-सामने होंगे।
एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में एक अन्य बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल ने काहिरा में मिस्र की विदेश मामलों की परिषद के साथ बैठक की। प्रतिनिधिमंडल ने काहिरा के अल होरेया गार्डन में महात्मा गांधी को पुष्पांजलि भी अर्पित की।
इससे पहले शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने लाइबेरिया के प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष रिचर्ड नागबे कून और प्रतिनिधि समूह के साथ बैठक की। प्रतिनिधिमंडल ने लाइबेरिया गणराज्य के राष्ट्रपति जोसेफ न्युम बोकाई और लाइबेरिया की विदेश मंत्री सारा बेसोलो न्यांती से भी मुलाकात की। मीडिया से बात करते हुए श्री शिंदे ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने जिन देशों का दौरा किया, उन सभी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में आश्वासन और समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद दो देशों के बीच नहीं है, बल्कि सीमाओं से परे फैल गया है।
रूस, लातविया, स्लोवेनिया, ग्रीस और स्पेन की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल आज भारत पहुंचेगा।
भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल बहरीन, कुवैत, सऊदी अरब और अल्जीरिया का दौरा करने के बाद आज नई दिल्ली लौटेगा। मीडिया से बात करते हुए भाजपा सांसद बैजयंत पांडा ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल की यात्रा का सबसे बड़ा लाभ यह है कि ये देश भारत के साथ सहयोग करने, भारत का समर्थन करने, बहुपक्षीय संस्थानों में भारत के साथ काम करने के लिए तैयार हैं – चाहे वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद हो या ओआईसी या कई अन्य मंचों पर भारत के दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व करना हो।
