राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने पायरेटेड एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों के निर्माण, वितरण और बिक्री में शामिल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पायरेसी के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एनसीईआरटी ने पायरेटेड एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों की 5 लाख से अधिक प्रतियां, भारी मात्रा में प्रिंटिंग पेपर और 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मशीनरी जब्त की है। एनसीईआरटी ने पायरेटेड एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों के प्रिंटर, गोदाम मालिकों और खुदरा विक्रेताओं के खिलाफ 29 एफआईआर भी दर्ज की हैं। शिक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि ये कार्रवाई पिछले 14 महीनों में की गई है।
मंत्रालय ने कहा है कि पायरेटेड पाठ्यपुस्तकों की समस्या को रोकने के लिए एनसीईआरटी ने अपनी पाठ्यपुस्तकों की गुणवत्ता, पहुंच और सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई पहल की हैं। इनमें कागज और छपाई की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार, समय पर छपाई और बाजार में पाठ्यपुस्तकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना और पायरेटेड पुस्तकों के उत्पादन और वितरण के खिलाफ सक्रिय कार्रवाई करना शामिल है।
