असम में आज पांचवें दिन भी भयंकर बाढ़ जारी है। 21 जिलों में पांच लाख से ज़्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राज्य में बाढ़ की स्थिति का जायज़ा लिया और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को राहत और पुनर्वास प्रयासों के लिए केंद्र सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री ने मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से भी बात की और राज्य में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मणिपुर में बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया।
इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने और उसका आकलन करने के लिए आज कछार जिले के सिलचर का दौरा किया। उन्होंने कई राहत शिविरों का दौरा किया और लोगों से बातचीत की तथा पुनर्वास के लिए सरकारी सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने जिला आयुक्तों को अपने जिलों में बचाव और राहत कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया।
बाढ़ के कारण काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और टाइगर रिजर्व के 233 शिविरों में से 53 जलमग्न हो गए हैं। इस बीच, एनएफ रेलवे ने रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण सिलचर-अगरतला एक्सप्रेस, सिलचर-वांगईचुंगपाओ पैसेंजर ट्रेन और सिलचर-नई दिल्ली एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है।
उत्तरी सिक्किम में बचाव अभियान कल सुबह फिर शुरू होगा। आज 34 लोगों को निकालने के बाद खराब मौसम के कारण बचाव अभियान रोकना पड़ा। लेकिन भारतीय सेना की 112 ब्रिगेड ने लाचेन और चाटेन के बीच एक महत्वपूर्ण पैदल मार्ग स्थापित किया, जिससे कल चाटेन से फंसे पर्यटकों को हवाई मार्ग से निकाला जा सकेगा। मंगन जिला प्रशासन ने बताया कि लाचेन में अभी भी 130 से 150 पर्यटक फंसे हुए हैं। लाचेन में नेटवर्क कनेक्शन नहीं है, लेकिन वे सभी सुरक्षित हैं। मोबाइल कनेक्टिविटी बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सिक्किम सरकार ने आधिकारिक तौर पर उत्तरी सिक्किम की स्थिति को आपदा घोषित कर दिया है। पर्यटन विभाग ने पर्यटकों के लिए परामर्श जारी किया है कि भूस्खलन के कारण लाचेन और लाचुंग की ओर जाने वाली सड़कें अस्थायी रूप से बंद हैं, लेकिन अन्य स्थानों पर जाने में कोई समस्या नहीं है। राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने स्थिति की निगरानी के लिए आज सिंहतम का दौरा किया और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया तथा प्रशासन को उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।
