भारत ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में ब्रिटेन सरकार की एकजुटता और समर्थन की अभिव्यक्ति की सराहना की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कल विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय में स्थायी अवर सचिव ओलिवर रॉबिंस के साथ अपनी बैठक के दौरान नई दिल्ली की सराहना व्यक्त की। यह चर्चा नई दिल्ली में आयोजित 17वें भारत-ब्रिटेन विदेश कार्यालय परामर्श और प्रथम रणनीतिक निर्यात और प्रौद्योगिकी सहयोग वार्ता के दौरान हुई।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, भारत और ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदार हैं। इसमें कहा गया है कि भारत-ब्रिटेन विदेश कार्यालय परामर्श ने द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा और चर्चा करने का अवसर प्रदान किया। दोनों पक्षों ने भारत-ब्रिटेन एफटीए और दोहरे योगदान सम्मेलन के समापन का स्वागत किया। विदेश सचिव और ब्रिटेन के स्थायी अवर सचिव ने व्यापार, निवेश और वित्तीय क्षेत्र, रक्षा और सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी, प्रौद्योगिकी आदि क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
