लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ली जे-म्यांग ने आज दक्षिण कोरिया के 21वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। वे पाँच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेंगे। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय चुनाव आयोग ने आज सुबह एक बैठक की और कल हुए राष्ट्रपति चुनावों में ली की जीत की पुष्टि की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कंजर्वेटिव पीपुल पावर पार्टी के किम मून-सू थे। पूर्व कंजर्वेटिव नेता यूं सुक-योल को मार्शल लॉ लागू करने के उनके असफल प्रयास के कारण पद से हटा दिए जाने के बाद यह त्वरित मतदान हुआ था। राष्ट्रपति पद की दौड़ में जीत हासिल करने के बाद श्री ली ने अपने समर्थकों से बात की। उन्होंने कहा कि उनका पहला मिशन विद्रोह पर काबू पाना होगा। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति की कार्रवाई को सैन्य तख्तापलट बताया और कहा कि वे कभी नहीं चाहते कि ऐसा फिर से हो। श्री ली ने कहा कि उनकी सरकार एक व्यावहारिक बाजार समर्थक सरकार होगी और उन्होंने व्यापार में नवाचार और विकास को बढ़ावा देने के लिए विनियमन हटाने का वादा किया। उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ एक मजबूत सुरक्षा गठबंधन बनाए रखते हुए और कूटनीति में संतुलन लाते हुए उत्तर कोरिया के साथ बातचीत फिर से शुरू करने का भी वादा किया।
