अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने ईरानी परमाणु सुविधाओं पर इजरायली हमलों से परमाणु संदूषण के खतरे की चेतावनी दी है। श्री ग्रॉसी ने कहा कि ईरान में परमाणु स्थलों पर हमलों ने देश में परमाणु सुरक्षा और संरक्षा में भारी गिरावट ला दी है, लेकिन अभी तक इनसे जनता को प्रभावित करने वाला कोई रेडियोधर्मी उत्सर्जन नहीं हुआ है। राफेल ग्रॉसी ने सुरक्षा परिषद की एक आपातकालीन बैठक में एक ब्रीफिंग के दौरान यह बात कही। श्री ग्रॉसी ने कहा कि हालांकि इजरायली हमले के बाद नतान्ज़ साइट के बाहर रेडियोधर्मिता का स्तर अपरिवर्तित और सामान्य स्तर पर बना हुआ है, लेकिन सुविधा के भीतर रेडियोधर्मी और रासायनिक दोनों तरह का संदूषण है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्य रूप से अल्फा कणों से युक्त विकिरण, अगर साँस के द्वारा अंदर ले लिया जाए या निगल लिया जाए तो एक बड़ा खतरा पैदा करता है। सुविधा के अंदर मुख्य चिंता रासायनिक विषाक्तता है।
