तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दूसरे दिन आज देहरादून में राष्ट्रपति तपोवन और राष्ट्रपति निकेतन का उद्घाटन किया। उन्होंने आगंतुक सुविधा केंद्र और कैफेटेरिया समेत सार्वजनिक सुविधाओं का भी उद्घाटन किया। साथ ही राष्ट्रपति निकेतन में राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला भी रखी। इस मौके पर राष्ट्रपति निकेतन, तपोवन और राष्ट्रपति उद्यान की जैव विविधता पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया गया। इस पुस्तक में राष्ट्रपति निकेतन, तपोवन और उद्यान की 300 से अधिक वनस्पतियों और 170 से अधिक जीव-जंतुओं की प्रजातियों को सूचीबद्ध किया गया है, जिनमें तितलियां, पक्षी और स्तनधारी भी शामिल हैं। राष्ट्रपति तपोवन 24 जून से और राष्ट्रपति निकेतन एक जुलाई से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति निकेतन में एक एट-होम रिसेप्शन की भी मेजबानी की। राष्ट्रपति ने एक प्राचीन शिव मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।
इस दौरान उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देहरादून में राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान का दौरा किया और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आज का युग विज्ञान और प्रौद्योगिकी का युग है। उन्नत तकनीकों की मदद से दिव्यांगजन भी मुख्यधारा में अपना योगदान दे सकते हैं।
श्रीमती मुर्मू ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में दिव्यांग बच्चों को भी अन्य बच्चों की तरह समान शिक्षा के अवसर प्रदान करने के प्रावधान शामिल हैं।
इस अवसर पर केन्द्रीय सामाजिक न्याय मंत्री वीरेन्द्र कुमार, उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित थे।
