श्रीलंका को आईएमएफ की विस्तारित निधि सुविधा की अगली किस्त मिलने का भरोसा है। कोलंबो में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद हमारे विशेष संवाददाता से विशेष बातचीत में श्रीलंका के श्रम मंत्री प्रो. ए. अनिल जयंता फर्नांडो ने कहा कि द्वीप राष्ट्र ने आईएमएफ कार्यक्रम के तहत सभी आवश्यक मानदंडों को पूरा कर लिया है। अर्थव्यवस्था में सुधार के बारे में विस्तार से बताते हुए मंत्री ने कहा कि आईएमएफ की प्रथम उप प्रबंध निदेशक गीता गोपीनाथ की राष्ट्रपति अनुरा दिसानायके के साथ हाल ही में हुई बैठक में घोषणा की गई कि यह श्रीलंका का अंतिम विस्तारित निधि सुविधा कार्यक्रम होगा। श्री फर्नांडो ने यह भी कहा कि इस वर्ष की पहली तिमाही में अर्थव्यवस्था में 4.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिसमें से उद्योग क्षेत्र में 10 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।
श्रीलंका को 2022 में अपने सबसे खराब आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा जब उसने अपनी बाहरी ऋण प्रतिबद्धताओं को निलंबित कर दिया, जिसके बाद भारत 4.5 बिलियन डॉलर से अधिक की अभूतपूर्व सहायता के साथ बचाव में आया।
