ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से एक हजार एक सौ 17 भारतीय नागरिकों को निकाला गया है। विदेश मंत्रालय ने कल रात कहा कि मशहद से एक विशेष उड़ान के जरिए 290 भारतीय नागरिक ईरान से सुरक्षित स्वदेश लौट आए हैं। कल शाम मशहद से एक और निकासी उड़ान ईरान से 310 भारतीय नागरिकों को लेकर नई दिल्ली पहुंची।
इस बीच, नेपाल और श्रीलंका ने संघर्ष प्रभावित ईरान से ऑपरेशन सिंधु के तहत अपने नागरिकों को निकालने में सहायता के लिए भारत के प्रति आभार व्यक्त किया है। नेपाल की विदेश मंत्री आरज़ू राणा देउबा ने नेपाली छात्रों को निकालने में सहायता के लिए विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को धन्यवाद दिया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, उन्होंने ईरान से नेपाली नागरिकों को निकालने में भारत की त्वरित सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। सुश्री देउबा ने कहा कि नेपाली नागरिकों को निकालने में भारत का समर्थन नेपाल-भारत संबंधों की मजबूती का प्रतिबिंब है।
इससे पहले, श्रीलंका ने भारतीय नागरिकों के साथ-साथ ईरान से श्रीलंकाई नागरिकों को निकालने में समय पर सहायता के लिए भारत सरकार के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने कहा कि एकजुटता का यह कार्य श्रीलंका और भारत के बीच मजबूत और स्थायी साझेदारी का उदाहरण है और द्वीप राष्ट्र के लोगों द्वारा इसकी बहुत सराहना की जाती है।
ईरान में भारतीय दूतावास ने कहा कि उसने नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों को निकालने के प्रयास किए हैं और कहा कि ये प्रयास नेपाल और श्रीलंका सरकारों के अनुरोध पर किए गए थे।
