नई दिल्ली। रोहिणी जिले के अमन विहार थाना पुलिस ने एटीएम में मदद करने के बहाने कार्ड बदलकर लोगों के खातों से पैसे उड़ाने वाले एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान सुल्तानपुरी निवासी अर्मान खान (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 79 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं।
रोहिणी जिले के डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि 16 जून को थाना अमन विहार में ठगी की एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम में पैसे निकालने में मदद करने के बहाने उसका कार्ड बदल दिया और फिर खाते से धोखे से पैसे निकाल लिए।
सीसीटीवी और खुफिया सूचना से मिला सुराग
डीसीपी के अनुसार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय सूत्रों से भी जानकारी जुटाई। एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपित को उसके ठिकाने से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद अर्मान खान ने पूछताछ में बताया कि वह ऐसे एटीएम बूथों को निशाना बनाता था जहां ज्यादा भीड़ नहीं होती। वह खुद को मददगार बताकर लोगों से एटीएम कार्ड लेता और उसे चुपचाप बदल देता। फिर बाद में कार्ड का उपयोग कर उनके खातों से पैसा निकाल लेता। वहीं जांच में पता चला है कि आरोपित अर्मान खान इससे पहले भी चोरी और लूट के 4 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
