केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली में डीडीए शालीमार बाग में शीश महल और अन्य बहाल विरासत संरचनाओं का अनावरण किया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए, श्री शेखावत ने पार्क के जीर्णोद्धार कार्य के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और दिल्ली विकास प्राधिकरण की सराहना की। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पार्क जल्द ही राष्ट्रीय राजधानी की धड़कन बन जाएगा। श्री शेखावत ने नागरिकों से पार्क के संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का भी आग्रह किया।
इस अवसर पर बोलते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि पिछली सरकार ने पार्क के जीर्णोद्धार के लिए कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि इस पार्क का हर पत्थर इसके इतिहास से जुड़ा हुआ है। श्री सक्सेना ने आगे कहा कि बहुत जल्द ही डीडीए और एएसआई इस पार्क में लगभग 300 साल पुराने जल चैनल का भी जीर्णोद्धार करेंगे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी पार्क के संरक्षण की नागरिकों की जिम्मेदारी को रेखांकित किया। उन्होंने पार्क के जीर्णोद्धार के सुचारू संचालन के लिए श्री सक्सेना का आभार भी व्यक्त किया।
