प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल शाम पोर्ट ऑफ स्पेन के प्रतिष्ठित रेड हाउस में अपनी त्रिनिदाद और टोबैगो समकक्ष कमला प्रसाद-बिसेसर के साथ व्यापक मुद्दों पर बातचीत की। वार्ता के बाद, दोनों देशों ने बुनियादी ढांचे और फार्मास्यूटिकल्स सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
वार्ता के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश आर्थिक संबंधों को गहरा करने तथा आपदा प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन, रक्षा, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा और कृषि अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए हैं।
उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की भी पुष्टि की। श्री मोदी ने भारत-कैरिकॉम संबंधों और वैश्विक दक्षिण की आवाज को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी ने पोर्ट ऑफ स्पेन स्थित राष्ट्रपति भवन में त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू से भी मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि श्री मोदी ने वैश्विक दक्षिण साझेदारी को बढ़ाने के लिए कैरेबियाई राष्ट्र और कैरीकॉम के प्रति भारत के निरंतर समर्थन को दोहराया।
