प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में हुई सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत और चार गंभीर रूप से घायल होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। घायलों को 50-50 हज़ार रुपये दिए जाएँगे।
पिथौरागढ़ जिले के मुवानी क्षेत्र में थल-पिथौरागढ़ मार्ग पर कल शाम एक वाहन के नदी में गिर जाने से यह दुर्घटना हुई। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
