प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से यूनाइटेड किंगडम और मालदीव की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे। अपनी यात्रा के पहले चरण में, वह अपने ब्रिटिश समकक्ष कीर स्टारमर के साथ चर्चा करेंगे और किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात करेंगे। नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए, विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी दोनों देशों के व्यापारिक नेताओं से भी बातचीत करेंगे।
आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम कुमार दोरईस्वामी ने कहा कि आगामी यात्रा दोनों देशों के लिए लाभदायक होगी।
श्री दोरईस्वामी ने कहा कि मुक्त व्यापार पर समझौते का दोनों अर्थव्यवस्थाओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा तथा उन्होंने इसे एक महत्वाकांक्षी दस्तावेज बताया।
प्रधानमंत्री की यात्रा को कवर करने वाले आकाशवाणी संवाददाता ने यह रिपोर्ट दर्ज की है। अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, प्रधानमंत्री मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के निमंत्रण पर 25 से 26 जुलाई तक मालदीव की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। विदेश सचिव ने बताया कि प्रधानमंत्री 26 जुलाई को मालदीव की स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ के समारोह में ‘मुख्य अतिथि’ होंगे। श्री मोदी राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू के साथ बैठक करेंगे और बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। विदेश सचिव मिस्री ने कहा कि मालदीव भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और विज़न “महासागर” में एक अत्यंत महत्वपूर्ण भागीदार है।
