भारतीय रेलवे ने त्योहारी सीज़न के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए 380 गणपति स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। 2023 में कुल 305 गणपति स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं, जबकि पिछले साल यह संख्या बढ़कर 358 हो गई थी।
रेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में त्योहारों के दौरान यात्रा की भारी माँग को पूरा करने के लिए मध्य रेलवे सबसे ज़्यादा 296 सेवाएँ संचालित करेगा। पश्चिम रेलवे 56 गणपति स्पेशल सेवाएँ, कोंकण रेलवे छह सेवाएँ और दक्षिण पश्चिम रेलवे 22 सेवाएँ संचालित करेगा।
गणपति पूजा 27 अगस्त से 6 सितंबर तक मनाई जाएगी। त्योहारों पर आने वाली भीड़ को देखते हुए, 11 अगस्त से गणपति स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं और त्योहार के नज़दीक आने पर इनकी संख्या में लगातार वृद्धि की जा रही है।
