भारत निर्वाचन आयोग ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। पंचायती राज मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव सुशील कुमार लोहानी और वित्त मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव डी. आनंदन को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उपराष्ट्रपति चुनाव अगले महीने की 9 तारीख को होगा।
पिछले महीने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के कारण यह चुनाव आवश्यक हो गया है। यह 17वाँ उपराष्ट्रपति चुनाव होगा। उपराष्ट्रपति का चुनाव एक निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य होते हैं। एनडीए ने सीपी राधाकृष्णन को अपना उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना है, जबकि विपक्षी दल इंडिया ब्लॉक ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है।
