केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा है कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और जल जीवन मिशन देश को स्थायी स्वच्छता और जल सुरक्षा की ओर ले जा रहे हैं। वे कल नई दिल्ली में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण पर आयोजित गोलमेज सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। श्री पाटिल ने सामूहिक उपलब्धियों की सराहना की और नवाचार, अपशिष्ट से ऊर्जा और जलवायु-अनुकूल स्वच्छता पर ज़ोर दिया। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि जल जीवन मिशन के तहत देश के प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित नल का जल मिल रहा है। मंत्री ने बताया कि खुले में शौच मुक्त प्लस मॉडल केवल संख्याओं के बारे में नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण परिवारों के जीवन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य और सम्मान के बारे में है।
