प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ करेंगे। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं में उद्यमिता विकास को मज़बूती मिलेगी और समुदाय-आधारित उद्यमों के विकास में तेज़ी आएगी। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री संस्था के बैंक खाते में 105 करोड़ रुपये भी हस्तांतरित करेंगे।
यह प्रणाली पूरी तरह से डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर संचालित होगी, जिससे जीविका दीदियों के बैंक खातों में सीधे तेज़ और पारदर्शी धनराशि हस्तांतरण सुनिश्चित होगा। इसके लिए, 12 हज़ार सामुदायिक कार्यकर्ताओं को टैबलेट से लैस किया जा रहा है। बिहार भर से लगभग 20 लाख महिलाएँ इस कार्यक्रम की साक्षी बनेंगी।
जीविका निधि की स्थापना का उद्देश्य जीविका से जुड़े समुदाय के सदस्यों को किफायती ब्याज दरों पर आसानी से ऋण उपलब्ध कराना है। जीविका के सभी पंजीकृत संकुल-स्तरीय संघ इस संस्था के सदस्य बनेंगे। इस संस्था के संचालन के लिए बिहार सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार भी धनराशि का योगदान करेगी। जीविका निधि की परिकल्पना एक वैकल्पिक वित्तीय प्रणाली के रूप में की गई है ताकि सूक्ष्म वित्त संस्थानों पर निर्भरता कम की जा सके और कम ब्याज दरों पर समय पर बड़ी ऋण राशि उपलब्ध कराई जा सके।
