उद्योग संगठनों ने अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों का स्वागत करते हुए कहा है कि कर व्यवस्था के सरलीकरण से व्यापार करने में आसानी होगी। भारतीय उद्योग परिसंघ – सीआईआई ने कहा कि 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत की दो दरें रिफंड और एमएसएमई प्रक्रियाओं को सरल बनाएँगी। इसने व्यक्तिगत जीवन और स्वास्थ्य बीमा को जीएसटी से छूट दिए जाने को भी एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इसने आगे कहा कि इस स्पष्टता से अनुपालन आसान होगा, मुकदमेबाजी कम होगी और व्यवसायों और उपभोक्ताओं को आवश्यक पूर्वानुमान प्राप्त होंगे। सीआईआई ने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं और महत्वपूर्ण इनपुट पर दरें कम करके, ये सुधार परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करते हैं और विकास की नींव मजबूत करते हैं।
इसने आशा व्यक्त की कि उद्योग जगत उपभोक्ताओं तक लाभ पहुँचाने के लिए तेज़ी से आगे बढ़ेगा और सरकार के साथ साझेदारी करेगा ताकि सुचारू और समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके जिससे माँग बढ़े और रोज़गार को बढ़ावा मिले। इस बीच, भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) ने कहा कि ये सुधार अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था की परिपक्वता को दर्शाते हैं, जिसके संग्रह में लगातार वृद्धि देखी गई है। फिक्की के अध्यक्ष शुभ्रकांत पांडा ने इसे एक बड़ा और साहसिक कदम बताया, जो माँग को बढ़ावा देने के साथ-साथ कई संबंधित प्रक्रियाओं को सरल बनाएगा। श्री पांडा ने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की नींव को मज़बूत करता है।
