प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल हिमाचल प्रदेश के बाढ़, भूस्खलन और भारी वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया।
प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की समीक्षा और आकलन के लिए राज्य सरकार के साथ एक बैठक भी की। इस अवसर पर, श्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश के बाढ़ और वर्षा प्रभावित क्षेत्रों के लिए पंद्रह सौ करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की।
आकाशवाणी संवाददाता ने खबर दी है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आज हिमाचल प्रदेश यात्रा से आपदा प्रभावित लोगों को राहत और आश्वासन मिला है।
जमीनी स्तर पर पहुंचकर, प्रभावित परिवारों से बातचीत करके, तथा राहत कार्यकर्ताओं को प्रेरित करके प्रधानमंत्री ने एकजुटता का सशक्त प्रदर्शन किया।
क्षति के पैमाने का आकलन करते हुए, प्रधानमंत्री ने राहत और पुनर्वास के लिए पंद्रह सौ करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की।
प्रभावित परिवारों से मुलाकात करते हुए श्री मोदी ने अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए पचास-पचास हज़ार रुपये की अनुग्रह राशि की भी घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने बचाव और राहत कार्यों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और आपदा मित्र स्वयंसेवकों के अथक प्रयासों की सराहना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति ने प्रशासन और बचाव दल दोनों का मनोबल बढ़ाया है, साथ ही हिमाचल प्रदेश के लोगों को आश्वस्त किया है कि वे इस संकट में अकेले नहीं हैं और जब तक हिमाचल इस आपदा से पूरी तरह उबर नहीं जाता, केन्द्र सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए 1,600 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की भी घोषणा की, जो राज्य के खजाने में पहले से मौजूद 12,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त है। राज्य आपदा राहत कोष और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त अग्रिम रूप से जारी की जाएगी।
बाढ़ में मृतकों के निकटतम परिजनों को 2 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की गई है।
पंजाब के गुरदासपुर में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए कल शाम पहुँचकर प्रधानमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नुकसान की समीक्षा बैठक की। उन्होंने इलाके का हवाई सर्वेक्षण भी किया।
आकाशवाणी संवाददाता ने बताया कि समीक्षा बैठक से पहले प्रधानमंत्री ने कुछ बाढ़ पीड़ितों और किसानों से बातचीत की और उनका दर्द साझा किया।
पता चला है कि कुछ किसानों द्वारा प्रत्यक्ष अंतरण योजना (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खातों में मुआवजा जमा कराने की मांग पर उन्होंने इस पर विचार करने का वादा किया है।
इस बीच, आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 33 और गांव प्रभावित हुए हैं, जिससे पंजाब में बाढ़ से प्रभावित गांवों की कुल संख्या 2097 हो गई है, जिससे 3 लाख 88 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हुई है।
एक और व्यक्ति की मौत के साथ, 15 जिलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है, जबकि पठानकोट में तीन लोग अभी भी लापता हैं। लाखों हेक्टेयर फसल क्षेत्र जलमग्न हो गया है और सैकड़ों मवेशी मारे गए हैं।
राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। स्थानीय लोग, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवक भी संकट की इस घड़ी में भारतीय सेना, एनडीआरएफ और बीएसएफ की विशेषज्ञ टीमों के साथ पूरे दिल से सहयोग कर रहे हैं।
