अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका और भारत दोनों देशों के बीच व्यापार बाधाओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी रखेंगे।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रम्प ने कहा कि वह आगामी सप्ताहों में अपने बहुत अच्छे मित्र प्रधानमंत्री मोदी से बात करने के लिए उत्सुक हैं।
राष्ट्रपति ट्रम्प ने आशा व्यक्त की कि हमारे दोनों महान देशों के लिए सफल निष्कर्ष पर पहुंचने में कोई कठिनाई नहीं होगी।
यह घोषणा अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के कुछ सप्ताह बाद आई है, जिसमें रूसी तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त जुर्माना भी शामिल है।
इस सप्ताह के शुरू में राष्ट्रपति ट्रम्प ने भारत-अमेरिका संबंधों को एक “बहुत ही विशेष संबंध” बताया था और कहा था कि वह और प्रधानमंत्री मोदी हमेशा दोस्त रहेंगे। उन्होंने कहा था कि इसमें “चिंता की कोई बात नहीं है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने भी भारत-अमेरिका संबंधों की ट्रम्प की पुष्टि पर गर्मजोशी से प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति की भावनाओं और द्विपक्षीय संबंधों के सकारात्मक मूल्यांकन की “गहरी सराहना करते हैं और पूरी तरह से उसका समर्थन करते हैं।”
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-अमेरिका संबंधों को एक “व्यापक और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी” की ओर अग्रसर बताया।
