दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद का पूरी तरह से सफाया हो गया है। इस कार्रवाई में एक करोड़ रुपये के इनामी ‘कमांडर’ समेत तीन शीर्ष माओवादियों का सफाया हो गया है। पुलिस ने बताया कि झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीनों माओवादी मारे गए। शाह ने कहा कि सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस की एक संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है, जिसमें एक करोड़ रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली कमांडर सहदेव सोरेन उर्फ परवेश को मार गिराया गया है। सोरेन प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य था।
