विदेश मंत्रालय ने सभी भारतीय नागरिकों को ईरान में रोजगार के वादों या प्रस्तावों के संबंध में कड़ी सतर्कता बरतने के लिए आगाह किया है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिनमें भारतीय नागरिकों को ईरान में रोजगार दिलाने का झूठा वादा करके या यह आश्वासन देकर फंसाया गया कि उन्हें रोजगार के लिए किसी तीसरे देश में भेज दिया जाएगा।
ईरान पहुंचने पर इन भारतीय नागरिकों को आपराधिक गिरोहों ने अगवा कर लिया और उनकी रिहाई के लिए उनके परिवारों से फिरौती की मांग की गई।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान सरकार भारतीयों को केवल पर्यटन उद्देश्यों के लिए वीज़ा-मुक्त प्रवेश की अनुमति देती है। मंत्रालय ने कहा कि रोज़गार या अन्य उद्देश्यों के लिए ईरान में वीज़ा-मुक्त प्रवेश का वादा करने वाले किसी भी एजेंट की आपराधिक गिरोहों से मिलीभगत हो सकती है। मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को ऐसे प्रस्तावों के झांसे में न आने की सलाह दी।
