नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में शनिवार रात लूटपाट की कोशिश के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सतर्कता से दो आरोपितों को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। जबकि दो आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब 10:15 बजे अमर कॉलोनी थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली। कॉलर ने बताया कि कुछ लोग लूटपाट करने आए थे और चाकू मार दिया है, जिनमें से दो को पकड़ रखा है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पता चला कि शिकायतकर्ता मिट्ठू गढ़ी गांव में अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शीतला माता मंदिर के पास चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपितों ने मिथू पर हमला कर उनका मोबाइल फोन छीन लिया।
मिट्ठू के शोर मचाने पर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। तभी एक आरोपित ने चाकू निकालकर मिट्ठू और बीच-बचाव करने आए भविष्य उर्फ नकुल और तक्ष पर वार कर दिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार घायल भविष्य उर्फ नकुल (20) एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र है। उसके जांघ पर गहरा घाव है। वहीं तक्ष पेशेवर बॉक्सर है। तीनों घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
वहीं पकड़े गए आरोपितों की पहचान गढ़ी गांव निवासी आकाश उर्फ बच्चा (21) व एक नाबालिग के रूप में हुई। आकाश पहले भी चोरी के मामले में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस घटना में शामिल दो अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
