राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज नई दिल्ली में आयोजित 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगी। सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार हिंदी फिल्म ’12वीं फेल’ को दिया जाएगा, जबकि सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार हिंदी फिल्म ‘कथल: अ जैकफ्रूट मिस्ट्री’ को दिया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की श्रेणी में अभिनेता शाहरुख खान को उनकी फिल्म ‘जवान’ और अभिनेता विक्रांत मैसी को उनकी फिल्म ’12वीं फेल’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
दिग्गज अभिनेता, निर्देशक और निर्माता मोहनलाल को वर्ष 2023 का प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। हाल ही में पुरस्कारों की घोषणा करते हुए, निर्णायक मंडल (फीचर फिल्म) के अध्यक्ष आशुतोष गोवारिकर ने बताया कि अभिनेत्री रानी मुखर्जी को फिल्म “मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे” में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया है। निर्णायक मंडल (गैर-फीचर फिल्म) के अध्यक्ष पी. शेषाद्रि ने बताया कि सौम्यजीत घोष दस्तीदार द्वारा निर्देशित “फ्लावरिंग मैन” को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला है। उन्होंने बताया कि पीयूष ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार मिला है। श्री शेषाद्रि ने बताया कि “गॉड वल्चर एंड ह्यूमन” को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का पुरस्कार मिला है।
जूरी की घोषणा के अनुसार, हिंदी फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी को संपूर्ण मनोरंजन के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार मिला, जबकि सैम बहादुर को राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया। सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार तमिल फिल्म वाथी में उनके काम के लिए जीवी प्रकाश कुमार को दिया गया। शिल्पा राव और पीवीएनएस रोहित ने हिंदी फिल्म जवान और तेलुगु फिल्म बेबी के गीतों के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का पुरस्कार जीता। मलयालम फिल्म पूकलम को सर्वश्रेष्ठ संपादन पुरस्कार के लिए चुना गया है। मराठी फिल्म नाल 2 को सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म का पुरस्कार दिया गया है, जबकि द केरल स्टोरी ने सर्वश्रेष्ठ छायांकन का पुरस्कार जीता है। उत्पल दत्ता को सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक चुना गया है।
