आज अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस मनाया जा रहा है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, नई दिल्ली में भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान, डॉ. कुमार कई प्रमुख पहलों का भी शुभारंभ करेंगे, जो बधिर समुदाय के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोज़गार और सशक्तिकरण के नए अवसर पैदा करेंगी।
मंत्री महोदय आठवीं राष्ट्रीय भारतीय सांकेतिक भाषा प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित करेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने बधिर व्यक्तियों के मानवाधिकारों को साकार करने में सांकेतिक भाषा के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए 23 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस घोषित किया था। इस वर्ष का विषय, “बिना सांकेतिक भाषा के अधिकार के कोई मानवाधिकार नहीं”, बधिर व्यक्तियों के लिए समानता, समावेशन और सम्मान सुनिश्चित करने में सांकेतिक भाषा की महत्वपूर्ण भूमिका पर ज़ोर देता है।
