नई दिल्ली। दक्षिण पूर्वी जिला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ऑपरेशन कवच 10.0 चलाकर अपराधियों पर शिकंजा कसा। जिले पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के अनुसार पुलिस की 63 टीमों ने इलाके में पैदल गश्त, नाकाबंदी, संदिग्ध वाहनों की जांच एवं छापेमारी कर शराब माफिया, ड्रग सप्लायर, जुआरियों और अवैध हथियार रखने वालों गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 16 मुकदमे दर्जकर 16 आरोपिताें को गिरफ्तार किया और 2820 क्वार्टर व 24 बीयर बरामद की। इसी क्रम में शस्त्र अधिनियम के तहत 8 मुकदमें दर्ज कर आठ को दबोचा और चाकू बरामद किए। गैम्बलिंग के मामले में 12 मुकदमे दर्ज कर 25 लोगों को पकड़ा और 24,190 की नकदी जब्त की। इसी तरह एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 केस दर्ज कर पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया और 21.36 ग्राम हेरोइन और 1764 ग्राम गांजा बरामद किया गया। ऑपरेश के दौरान पुलिस ने दो वाहन चाेराें को भी गिरफ्तार किया और पांच चोरी के वाहन बरामद किए। इस बीच 222 घोषित बदमाश (बीसी) की जांच की गई।
